मुहम्मदाबाद मजार के पास धू धूकर जलता ट्रक।
- फोटो : amar ujala
सोमवार की सुबह मुहम्मदाबाद निवासी अशोक के घर पर 600 बोरी सीमेंट उतरनी थी। चालक मानसिंह पुत्र रामदास कुकरगांव ट्रक लेकर गांव के बाहर स्थित मजार के पास पहुंचा और वहीं से अशोक को फोन मिलाकर घर का पता पूछा। इसके बाद जैसे ही मानसिंह ने ट्रक स्टार्ट किया। अनुमान है कि तभी शार्ट सर्किट से इंजन में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया, पीछे बैठे मजदूर तो तुरंत कूदकर भाग निकले लेकिन चालक मानसिंह अपनी सीट पर फंस गया।
किसी तरह मानसिंह ने ड्राइविंग सीट की तरफ का दरवाजा तोड़ा और कूदकर अपनी जान बचाई। लेकिन उसके हाथ झुलस गए। ट्रक में आग लगी देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जलते ट्रक पर पानी डालना शुरू कर दिया था। कुछ ही देर में पुलिस और दमकल भी पहुंच गई। जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग और पानी से पूरी सीमेंट खराब हो गई। घटना के कारण रोड पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। जिससे यातायात भी प्रभावित रहा। दमकल कर्मियों का कहना है कि आग इंजन में हुए शार्ट सर्किट से लगी है। फिलहाल चालक मानसिंह के हाथ झुलसे है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।