एट (उरई)। झांसी-कानपुर हाईवे पर गिरथान गांव के पास शनिवार रात ट्रक का टायर बदल रहे चालक को डंपर ने कुचल दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया।
झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के कायला गांव निवासी निर्भाल सिंह (29) ट्रक चलाता था। शनिवार को वह ट्रक में गिट्टी लादकर कानपुर जा रहा था। रात में वह झांसी-कानपुर हाईवे स्थित एट थाना क्षेत्र के गिरथान गांव के पास पहुंचा तो ट्रक का टायर पंचर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस पर वह उसे हाईवे पर खड़ाकर टायर बदलने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने ट्रक में टक्कर मार दी। इससे ट्रक खाई में गिर गया। वहीं डंपर का पहिया निर्भाल के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। भाई कृपाल सिंह ने बताया कि उसके भाई के दो बच्चे हैं। वह ही घर का कमाने वाला था। उसकी मौत से पत्नी प्रियंका देवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह का कहना है कि टक्कर मारने वाले डंपर का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।