आटा। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात आटा थाना क्षेत्र के चमारी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेजा, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी रेफर कर दिया गया।
शिवपुरी निवासी संग्राम सिंह (38) खाली ट्रक लेकर झांसी से कानपुर जा रहा था। रात में चमारी गांव के पास पहुंचते ही उसका ट्रक सामने चल रहे वाहन से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। (संवाद)