माधौगढ़ (जालौन)। बैंक के कर्ज से परेशान किसान ने गांव के बाहर लगे आम के पेड़ से गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह काफी समय तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। गांव के बाहर आम के पेड़ पर उसका शव लटकता मिला। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाल जेपी पाल का कहना है कि घरवाले बैंक कर्ज की बात बता रहे हैं, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव जमरेही अव्वल निवासी किसान राजा भैया दोहरे (45) पुत्र जगन्नाथ का शव शुक्रवार रात नौ बजे गांव के बाहर लगे आम के पेड़ पर गमछे से लटका मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से उतारकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा भैया ने वर्ष 2010 में स्टेट बैंक माधौगढ़ से 60 हजार रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन किसी कारण अदा नहीं कर पाया।
इसी वर्ष अगस्त माह में बैंक ने किसान को नोटिस भेजकर 2 लाख चार हजार रुपये जमा करने को कहा था। राजा भैया की पत्नी सरोज ने बताया कि 24 सितंबर लगी लोक अदालत में भी ब्याज व छूट न मिलने पर वह काफी परेशान रहने लगे थे। शुक्रवार शाम सात बजे वह घर से बिना कुछ बताए निकल गए थे। जब नौ बजे रात तक घर नहीं लौटे तो हम लोगों ने खोजबीन शुरू की। तभी गांव के बाहर लगे पेड़ पर उनका शव लटकाता मिला। राजा भैया के पुत्र पूरन, कपूर, अभय, रोहित व पत्नी सरोज का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल का कहना है कि बैंक से भी मामले की जानकारी की जाएगी। तहसीलदार पीएन प्रजापति का कहना है कि मौके पर लेखपाल को भेजकर जांच कराई जाएगी।
राजा भैया की फाइल फोटो- फोटो : ORAI