मृतक की फाइल फोटो व बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में जालौन के माधौगढ़ में कर्ज से परेशान किसान ने शुक्रवार देर रात गांव के बाहर आम के पेड़ पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
तभी किसान का शव आम के पेड़ से लटका पाया। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जमरेही अव्वल निवासी किसान राजा भैया दोहरे (45) पुत्र जगन्नाथ ने स्टेट बैंक माधौगढ से 2010 में 60 हजार रूपया कर्ज लिया था। अगस्त माह में स्टेट बैंक से दो लाख चार हजार रूपया जमा करने का नोटिस भेज दिया गया।
24 सितम्बर को लोक अदालत से ब्याज में कोई छूट नहीं मिल सकी। स्टेट बैंक ने फिर से नोटिस भेज कर रूपया शीघ्र जमा करने की बात कही। किसान की पत्नी सरोज ने बताया कि लोक अदालत से ब्याज में छूट न मिलने से पति दस दिन से परेशान थे।
शुक्रवार रात 7 बजे बिना बताए घर से निकल गए। 9 बजे तक घर न लौटने पर खोजबीन शुरू की। गांव के बाहर आम के पेड़ से साफी बांधकर आत्महत्या कर ली। मृतक के चार पुत्र पूरन, कपूर, अभय व रोहित का रो रो कर बुरा हाल है।