फोटो - 08 मृतक सुनील साहू की फाइल फोटो।
कदौरा। रिश्तेदारी में गए गल्ला व्यापारी ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि कर्ज और घरेलू कलह के चलते व्यापारी ने यह कदम उठाया है।
कदौरा थाना क्षेत्र के बबीना गांव निवासी सुनील साहू (40) चार वर्षों से कस्बे के मोहल्ला पुरवा में किराये के मकान में परिवार सहित रहकर गल्ला मंडी में अनाज का व्यापार कर रहे थे। सोमवार को वह कुरारा थाना क्षेत्र के ग्राम ककरऊ स्थित रिश्तेदारी में गए हुए थे।
बताया गया कि व्यापार में लगातार घाटा होने के चलते उन पर करीब 35 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। लेनदारों के लगातार तगादे और आर्थिक दबाव के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। इसी बात को लेकर घर में भी अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजन के मुताबिक तनाव में आकर उन्होंने रिश्तेदारी में ही जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पत्नी रानी देवी, पुत्री रीशु (17), नैन्सी (13) और पुत्र जिगर (10) का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।