कोंच। तहसील परिसर में मानसिक रूप से कमजोर युवक को बेरहमी से पीटने के मामले में जिला होमगार्ड कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को होमगार्ड जवान रामकिशुन और विजय सिंह को सस्पेंड कर दिया। दोनों जवानों के खिलाफ अनुशासनात्मक व दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
सोमवार को तहसील परिसर में युवक को जमीन पर गिराकर पीटने और उसके हाथ-पैर बांधने की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की। बताया गया कि दोनों होमगार्ड जवान कोतवाली कोंच से संबद्ध हैं और तहसीलदार की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। वायरल वीडियो सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।