इंदिरा स्टेडियम में विजेता टीम ट्रॉफी के साथ
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। डीसीए के तत्वावधान में आयोजित देव चैलेंजर ट्रॉफी टूर्नामेंट का फाइनल मैच ट्रिपल एक्स ने आस्ट्रेलिया क्लब को 16 रन से हराकर जीत लिया। दोनों ओर से खूबसूरत बल्लेबाजी हुई पर अंत ट्रिपल एक्स विजय रथ पर सवार हुआ।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ट्रिपल एक्स की शुरुआत तो खराब रही पर बल्लेबाज बिट्टू और संदीप राजपूत ने आक्रामक स्ट्रोक खेलते हुए पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर गेंदबाजों को असहाय बना दिया। बिट्टू 66 रन बनाकर नाबाद लौटे और संदीप 50 रन पर आउट हुए। ट्रिपल एक्स ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 153 रन बनाए। प्रतिद्वंद्वी टीम की ओर से सत्यम और केके तिवारी को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया टीम का प्रदर्शन भी बेहतर रहा। ओपनर राहुल व आलोक ने शुरू के 10 ओवर में 68 रन बटोर लिए पर राहुल 32 रन के आउट होते ही टीम पर रन रेट का दबाव बढ़ गया। आलोक अपना अर्द्धशतक बनाकर आउट हुए। अक्षय 6 और विनयदीप एक रन पर आउट होकर टीम को जीत दिला पाने में असफल रहे। ऑस्ट्रेलिया क्लब की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 137 रन ही बना पाई और 16 रन से मैच हार गई। अंपायरिंग डॉ. राकेश द्विवेदी व मनमोहन सिंह ने की।
विजेता खिलाड़ियों को एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने पुरस्कृत किया। विजेता टीम के कप्तान विक्की दुबे को 10 हजार नगद धनराशि के साथ ट्रॉफी भेंट की गई। उपविजेता टीम के कप्तान गोविंद चौहान को 5 हजार की धनराशि के साथ ट्रॉफी मिली। मैन आफ द सीरीज संदीप रहे। मैन आफ द मैच बिट्टू, बेस्ट बैट्समैन विक्की और बेस्ट आलराउंडर का पुरस्कार आलोक को दिया गया। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन श्यामबाबू, सचिव विकास शर्मा, सुरेश निरंजन भैयाजी, शरद श्रीवास्तव, डॉ अविनाश सेंगर, नीरज पाठक, अनिल पंडोखर, नरेंद्र पिपरैया, ब्रजेश मिश्रा, प्रभाकर सिंह, अयूब, सज्जन, अनिल दिवाकर आदि मौजूद रहे।