उरई जनपद में शनिवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें एक कालपी की पीएचसी में कार्यरत आशा वर्कर भी शामिल है। इससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा है। इसके अलावा कालपी में एक व्यक्ति और उरई की एक महिला भी संक्रमित पाई गई है।
जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 166 हो गई है। इनमें 109 व्यक्ति ठीक हो गए हैं, जबकि एक्टिव केस 50 और सात मौतें हैं। सीएमओ अल्पना बरतारिया ने बताया कि सभी संक्रमितों के संपर्क के लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। इसके अलावा मोहल्लों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है।
शनिवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक कालपी पीएचसी से जुड़ी आशा कर्मी की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। इसके चलते पीएचसी कर्मियों में भी भय व्याप्त है। यहां पर भी स्टाफ व डॉक्टरों के सैंपल लेने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा अस्पताल परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है।
इसी तरह बीते दिनों कालपी नगर पालिका का एक कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, उसी के परिवार में ही एक और व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं उरई तहसील के ग्राम मोहनपुरा में एक महिला इलाज के लिए झांसी गई थी।
जहां पर उसका भी सैंपल लिया गया था, महिला की रिपोर्ट भी शनिवार को पॉजिटिव आई है। डीएम डॉ मन्नान अख्तर का कहना है कि कालपी और उरई दोनों ही स्थानों पर सैंपल लेने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। इसके अलावा हॉटस्पॉट इलाके भी बढ़ाए जा सकते हैं।