उरई। अहमदाबाद से बनारस जा रही साबरमती एक्सप्रेस के जनरल कोच में किन्नरों ने यात्रियों से जबरन वसूली की। विरोध करने पर पर्स छीन लिया। यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज की।
मंगलवार रात करीब 8:54 बजे साबरमती एक्सप्रेस (19167) उरई स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची और निर्धारित ठहराव के बाद आगे के लिए रवाना हो गई। ट्रेन के उरई से आगे बढ़ते ही जनरल कोच में किन्नरों का एक झुंड पहुंचा और यात्रियों से पैसे मांगने लगा। आरोप है कि कम पैसे देने पर वे यात्रियों से विवाद करने लगे।
इसी दौरान लखनऊ निवासी यात्री विष्णु चंद से भी पैसे मांगे गए। विष्णु चंद ने बताया कि वह 20 रुपये दे रहे थे, लेकिन किन्नरों ने लेने से इन्कार कर दिया और उनसे झगड़ा करने लगे। आरोप है कि इसी बीच उनका पर्स छीन लिया गया। इसमें करीब 5500 रुपये रखे थे।
बताया जा रहा है कि वसूली करने के बाद किन्नर कालपी स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर भाग गए। घटना के बाद पीड़ित यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। ट्रेन के पुखरायां स्टेशन पहुंचने पर पहले से मौजूद आरपीएफ के दरोगा रवि कुमार ने कोच में पहुंचकर यात्री से जानकारी ली। पीड़ित ने बताया कि वह अहमदाबाद से लेबर छोड़कर लौट रहे थे और जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे।
इस मामले में जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने कहा कि यदि पीड़ित द्वारा प्रार्थनापत्र दिया जाता है तो आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।