उरई। शहर के मौनी मंदिर स्थित हिताची एटीएम में सेंधमारी की कोशिश का मामला सामने आया है। दो युवकों को मशीन से छेड़छाड़ करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया है।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय दोनों युवक एटीएम के अंदर घुसकर मशीन को तोड़ने और उसमें रखी नकदी निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एटीएम संचालक को संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे संचालक ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को पकड़ लिया। इस दौरान पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। आरोपियों को बांधकर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। सीओ राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि जांच की जा रही है। (संवाद)