गहोई धर्मशाला में पत्रकारों से बात करती किन्नर सलमा व अन्य।
लोक कल्याण के लिए किन्नर गुरुवार को गाजे बाजे के साथ गहोई धर्मशाला से चंदकुआ स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर जाएंगे। यहां भगवान शिव को चांदी का छत्र चढ़ाएंगे। इसके लिए दूरदराज के मुख्य किन्नरों ने डेरा डाल दिया है। स्थानीय किन्नर प्रमुख सलमा ने बुधवार को गहोई धर्मशाला में पत्रकारों को बताया कि किन्नरों का अपना तो कोई होता नहीं है, इसलिए पूरा समाज ही उनका परिवार है।
बताया कि समाज की खुशहाली के लिए ही किन्नर समाज नेे छत्र चढ़ाने का फैसला किया है। आयोजन में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता, पंजाब, पुखरायां, कानपुर, लखनऊ, भरथना, बिधूना, दिल्ली आदि स्थानों के किन्नरों को बुलावा भेजा गया है।
सलमा ने बताया है कि बुधवार रात धर्मशाला में बाबा गोरखनाथ और मां बहुचरा को प्रसन्न करने के लिए हवन पूजन किया गया। गुरुवार को जीवन ज्योति कलश यात्रा गहोई धर्मशाला से प्रारंभ होकर चंदकुआ स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर तक जाएगी। जहां भोले बाबा को छत्र अर्पित किया जाएगा। इस दौरान लखनऊ की सुमन, कानपुर की मीना, कौशल्या, लखनऊ की रेनू मिश्रा, हिना, अनीता, काजल, किरन, सरिता भी मौजूद रहीं।