उरई/कालपी(जालौन)। परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को कालपी स्थित गल्ला मंडी का औचक निरीक्षण किया। इससे कर्मचारियों व अधिकारियों में हड़कंप मच गया। किसानों ने भी मंत्री को समस्याएं बताईं। उन्होंने व्यवस्था सुधारने के लिए एसडीएम और मंडी सचिव निर्देश दिए। मंत्री, क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह जादौन के साथ दोपहर एक बजे गल्ला मंडी पहुंचे। इस पर किसान मनोज, रामकुमार दिलीप, मोहन आदि ने उन्हें बताया कि क्रय केंद्र पर प्रत्येक कुंतल अलग से लिया जा रहा है। किसान रामस्वरूप, महमूद अली, सोने लाल, अजीत सिंह ने कहा कि सुबह से लाइन में खडे़ हैं। नंबर नहीं आया है।
यह सुनते ही मंत्री का पारा और चढ़ गया। फौरन ही मौके पर एसडीएम संजय सिंह और मंडी सचिव मलखान सिंह को तलब किया गया। मंत्री ने कहा कि कहीं पर भी अतिरिक्त वसूली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। अतिरिक्त कांटे भी जल्द लगाए जाएं। ट्रैक्टरों से गेहूं निकाले जाने की शिकायत पर भी मंत्री ने एसडीएम से नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होेंने मंडी में किसानों के लिए पानी, छाया की भी व्यवस्था देखी। इसके बाद मंत्री ने आटा स्थित क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, बीजेपी नगर अध्यक्ष अमित पांडेय, शशिकांत सिंह, मुन्ना चौधरी, गोपाल, भारत सिंह, आशीष तिवारी, अखिलेश तिवारी, जगत यादव आदि मौजूद रहे।
20 को झांसी में सीएम करेंगे समीक्षा
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल को सीएम योगी 28 विभागों की समीक्षा बैठक झांसी में करेंगे। इसी की तैयारी के लिए वे भी झांसी जा रहे हैं। लापरवाही करने वाले अफसरों को सरकार पहले ही चेता चुकी है। अब तो बस, उनके कामकाज करने के तरीकों में बदलाव लाना बाकी है। पानी, बिजली, सड़क पर सरकार सबसे गंभीर है। इन समस्याओं को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
दिल्ली और इलाहाबाद के लिए चलेंगी बसें
मंत्री ने बताया कि सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा की मांग पर उरई से सीधी इलाहाबाद और दिल्ली के लिए बस सेवा जल्द शुरू की जाएगी। इसके अलावा कोंच बस स्टैंड का भी कायाकल्प किया जाएगा।
बिजली की समस्या पर नाराज मंत्री
कालपी में किसानों व व्यापारियों ने मंत्री से बिजली समस्या बताई तो उन्होंने दक्षिणाचल विद्युत निगम के एमडी से फोन पर बात कर व्यवस्था को ठीक करने के लिए कहा है।
गायों के चारे की व्यवस्था करें
हिंदू युवा वाहिनी के मंटू विश्नोई, अंकुर व्यास, नीलू दीक्षित, प्रीतू सिंह, लल्ला सेंगर आदि ने मंत्री को बताया कि गल्ला मंडी में गायों व अन्य पशुओं के पानी पीने के लिए आठ चरही सूखी पड़ी हैं। इस पर मंडी सचिव को चारे की व्यवस्था के लिए कहा।