उरई(जालौन)। घर से भूसा लेने जा रहे बाइक सवार किसान को पीछे से आ रहे अनियंत्रित ओवरलोड ट्रक ने रौंद दिया। किसान की मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक को हिरासत में लेकर खड़ा करा लिया है।
बुधवार दोपहर थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला निवासी रामसेवक( 60 ) पुत्र ऊदल अपने बेटे गयादीन निवासी पथरेहटा के साथ बाइक से भूसा लेने कदौरा जा रहे थे। चतेला के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। यह ट्रक के नीचे आ गए। गयादीन उछल कर सड़क के दूसरी ओर गिर गए। ट्रक चालक वृद्ध को रौंदता हुआ निकल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि हेमंतपुरा घाट से ओवरलोड बालू ट्रक तेज रफ्तार से निकलते हैं। इससे आए दिन हादसे होते हैं। बाइक सवारों के पास हेलमेट नहीं मिला।