कोंच(उरई)। पीड़ित ने ट्रक मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी की तहरीर दी है। एक लाख 49 हजार 600 रुपये दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ के बंथरा थाना अंतर्गत ग्राम जुनाबगंज निवासी नरेश चंद्र वर्मा पुत्र अमरचंद्र वर्मा ने शनिवार को सीओ कोंच राहुल पांडे को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि एट थाना क्षेत्र के ग्राम जखौली में उसकी ससुराल है। जान पहचान के नाते जखौली निवासी मानवेंद्र सिंह पुत्र गोटीराम से उसने चौदह चक्का ट्रक को पांच अगस्त को एक लाख रुपये महीने के किराये पर लिया था। उसने गाड़ी की बकाया किस्त 64 हजार रुपये अदा की। मरम्मत और चार टायर डलवाने में 26 हजार व 80 हजार रुपये लगाए।
आठ सितंबर को उसनेे ड्राइवर राजेश और अपनेे बेटे हर्ष को 54 हजार रुपये देकर और ट्रक में 20 हजार का डीजल भरवा कर गिट्टी लादनेे कबरई भेजा था। ट्रक जखौली के पास पहुंचा तो मानवेंद्र ने कब्जे में ले लिया। ट्रक में रखे 54 हजार और पैंट की जेब में पड़े पांच हजार रुपये छीन लिए। नरेश नेे मानवेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी में रिपोर्ट दर्ज कर एक लाख 49 हजार 600 रुपये दिलाने की गुहार लगाई है।