उरई(जालौन)। झांसी-कानपुर रूट पर रिनियां रेलवे क्रॉसिंग पर उरई से झांसी की ओर जाने वाले ट्रक ने बूम में टक्कर मार दी। इससे ललितपुर जाने वाली मालगाड़ी सिग्नल न मिलने से होम सिग्नल पर दस मिनट खड़ी रही। गेटमैन ने सिग्नल विभाग के कर्मचारियों की मदद से बूम ठीक कर यातायात बहाल कराया। वहीं, चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
मंगलवार दोपहर दो बजे गेटमैन क्रॉसिंग नंबर 179 बंद कर रहा था। तभी उरई से झांसी जाने वाले ट्रक चालक ने जल्दबाजी में बूम में टक्कर मार दी। बूम क्षतिग्रस्त होने से गेट बंद नहीं हुआ। इससे मालगाड़ी दस मिनट तक होम सिग्नल पर खड़ी रही। गेट पर मौजूद सिग्नल विभाग के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त बूम ठीक किया। तब रेलवे ट्रैक और सड़क यातायात बहाल हुआ। डिप्टी एसएस एससी अग्रवाल की सूचना पर आरपीएफ के दरोगा देशराज सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सिग्नल फेल, कॉशन देकर निकाली गई पुष्पक
झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पर मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस को मंगलवार तड़के तीन बजे भुआ स्टेशन पर सिग्नल फेल होने से कॉशन देकर निकाला गया। उरई से पहुंचे कर्मचारियों ने सिग्नल ठीक किए, इसके बाद ट्रैक बहाल हुआ। मंगलवार तड़के तीन बजे पुष्पक एक्सप्रेस भुआ स्टेशन से गुजर रही थी। तभी सिग्नल फेल हो गए। चालक को सतर्कता आदेश देकर ट्रेन को निकाला गया। सिग्नल विभाग के इंजीनियर केके त्रिपाठी ने बताया कि समस्या दूर हो गई है। डिप्टी एसएस एसके खरे ने बताया कि करीब एक घंटे सिग्नल फेल रहे।