खाद विक्रेता के घर का टूटा पड़ा ताला।
- फोटो : ORAI
कालपी(जालौन)। नगर के मोहल्ला उदनपुरा में सोमवार रात चोरों ने एक खाद विक्रेता के बंद मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर नगदी-जेवर पार कर दिया। घटना की रात गृह स्वामी परिवार समेत एक शादी समारोह में थे। सुबह लौटे तो घटना का पता चला। गृह स्वामी के मुताबिक चोर लगभग सवा लाख रुपये नगद व जेवर ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
मोहल्ला उदनपुरा निवासी शेर अली मंसूरी की बाजार में खाद की दुकान है। सोमवार की शाम वह परिवार समेत एक शादी समारोह में शामिल होने दलेरनगर औरैया गए थे। मौका पाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में घुस गए। चोरों ने अलमारी के लॉकर व बक्से का ताला तोड़ दिया। मंगलवार की भोर चार बजे गृहस्वामी घर पहुंचे तो मुख्य गेट ताला टूटा मिला। अंदर सारा सामान बिखरा था।
गृहस्वामी ने घटना की तहरीर देते हुए बताया कि चोर घर से एक लाख बीस हजार रुपये का सामान भी ले गए हैं। कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।