उरई। दिवाली और छठ पर्व के बाद प्रवासी अपने-अपने कामों पर लौट रहे। ऐसे में ट्रेनों की लेटलतीफी उनको परेशानी में डाल रही है। गुरुवार को गोरखपुर, बिहार और मुंबई जाने वाली ट्रेनें आठ घंटा अधिक देरी से आईं। वहीं ट्रेनों में भीड़ के कारण जनरल में यात्रियों को जगह नहीं मिल रही है।
मुजफ्फरपुर से मुंबई की ओर जाने वाली त्योहार स्पेशल 01044 अपने निर्धारित समय से 8 घंटा 42 मिनट देरी से आई। गाजीपुर सिटी से पुणे जाने वाली ट्रेन नंबर 01432 गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस निर्धारित समय से 4 घंटा 14 मिनट देरी से आई। पटना से झांसी जाने वाली त्योहार स्पेशल नंबर (04184) झांसी-पटना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटा 12 मिनट देरी से चल रही है। आसनसोल (पश्चिम बंगाल) से मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेन 2 घंटे 21 मिनट देरी से आई। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों के देरी से चलने के करण वह अपने कामों पर कई घंटे देरी से पहुंचेंगे। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि ट्रेनों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।