उरई। झांसी-कानपुर रेलखंड पर कोहरे के प्रकोप के साथ-साथ झांसी स्टेशन पर चल रहे ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण ट्रेनों के संचालन में व्यवधान जारी है। सोमवार को दो ट्रेनें निरस्त रहीं, जबकि एक ट्रेन को परिवर्तित मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाया गया। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सोमवार को ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल (11123) और कोलकाता से झांसी आने वाली प्रथम स्वतंत्रता सेनानी बैरकपुर एक्सप्रेस (22197) कोहरे और मरम्मत कार्य के चलते निरस्त कर दी गईं। वहीं, बरौनी से ग्वालियर आने वाली छपरा मेल (11124) को सामान्य मार्ग के बजाय बदले हुए मार्ग से ग्वालियर पहुंचाया गया। कई अन्य ट्रेनें भी कोहरे और अन्य तकनीकी कारणों से निर्धारित समय से घंटों पीछे रहीं।
आजमगढ़ से मुंबई जाने वाली संत कबीरनगर एक्सप्रेस (20104) नौ घंटे 52 मिनट की देर से पहुंची। इसी तरह इंदौर से बनारस जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस (20416) दो घंटे छह मिनट, अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस (19165) एक घंटा 27 मिनट, गोरखपुर से पनवेल जाने वाली पनवेल एक्सप्रेस (15065) एक घंटा 47 मिनट, मुंबई से सुल्तानपुर जाने वाली मुंबई सुल्तानपुर एक्सप्रेस (12183) दो घंटे 16 मिनट और मुंबई से प्रतापगढ़ जाने वाली उद्योगनगरी एक्सप्रेस (12173) दो घंटे आठ मिनट देरी से आई।
अन्य प्रभावित ट्रेनों में भोपाल से लखनऊ जाने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस (12594) एक घंटा 35 मिनट, मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस (12534) 1 घंटा 40 मिनट, गोरखपुर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस (22537) 1 घंटा 10 मिनट, मुंबई से आजमगढ़ जाने वाली संत कबीरनगर एक्सप्रेस (20103) एक घंटा 15 मिनट और भोपाल से प्रतापगढ़ जाने वाली भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस (12183) एक घंटा 12 मिनट देरी से पहुंची।
कई यात्रियों ने बताया कि एक महीने से ट्रेनों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे उनकी यात्रा योजनाएं अनिश्चित हो गई हैं। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि जल्द ही ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।