उरई। उरई रेलवे स्टेशन के नो पार्किंग एरिया में वाहन खड़ा करने पर पांच सौ रुपये की जगह तीन हजार रुपये जुर्माना वसूल किए जाने का बोर्ड लगाने का मामला तूल पकड़ गया। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने इस मामले को गंभीरता से लेकर ट्वीट किया। इस पर एसपी जीआरपी एसपी मोहम्मद इमरान ने उरई जीआरपी प्रभारी से जवाब मांगा। इसके बाद जीआरपी ने उरई रेलवे स्टेशन के सरकुलेटिंग एरिया में लगे इस जुर्माने से संबंधित सभी नोटिस बोर्ड हटा दिए।
उरई रेलवे स्टेशन पर वाहन खड़े करने का स्थान तय है। इसके बावजूद स्टेशन आने वाले यात्री और उनके साथ आए लोग नो पार्किंग एरिया में बेतरतीब तरीके से वाहन को खड़ा कर देते हैं। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। यह देखते हुए जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने नो पार्किंग एरिया पर वाहनों को खड़ा करने से रोकने के लिए जगह-जगह बोर्ड लगा दिए। बोर्ड में यह भी लिखा गया कि नो पार्किंग एरिया में वाहन खड़ा करने पर तीन हजार रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा। नियमानुसार नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 500 रुपये से अधिक जुर्माना नहीं लिया जा सकता है।
पांच सौ की जगह तीन हजार रुपये जुर्माना राशि वसूल किए जाने का मामला कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी तक पहुंचा, तो उन्होंने सीएम कार्यालय और जीआरपी झांसी के एसपी को ट्वीट इसकी जानकारी दी। एसपी ने उरई जीआरपी प्रभारी से इस बाबत जवाब मांगा है। ट्वीट के बाद स्टेशन परिसर में लगे जुर्माना संबंधी बोर्ड हटा दिए गए हैं। इधर, जीआरपी प्रभारी का कहना है कि बोर्ड उनके कार्यालय के पहले से ही लगे थे। हालांकि इस तरह जुर्माना संबंधी बोर्ड लगाना गलत है। लिहाजा सभी बोर्ड हटवा दिए गए हैं।