कोंच। ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक भतीजे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा घायल हो गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाकर परिजनों को जानकारी दी। बताया कि मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।
झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्र के करही गांव निवासी प्रागीलाल (50) अपने चाचा रामगोपाल (65) के साथ बाइक से सोमवार को पूजा-अर्चना करने बंगरा स्थित मंदिर पर आए थे। शाम को दोनों घर लौट रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक नदीगांव थाना क्षेत्र के बंगरा-कन्हरी मार्ग स्थित नहर के पास पहुंची तभी ट्राली में गल्ला लादे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में प्रागीलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चाचा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि वह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके दो बच्चे हैं। उनकी मौत से पत्नी बैकुंठी सहित अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।