फोटो - 19 आटा टोल प्लाजा पर लगी वाहनों की लंबी कतारें। संवाद
आटा। झांसी- कानपुर नेशनल हाईवे स्थित आटा टोल प्लाजा पर मंगलवार की देर रात जाम लग गया। झांसी की ओर जाने वाली लेन पर अचानक वाहनों की लंबी लाइन लगनी शुरू हुई जो बढ़ते-बढ़ते करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई। लोगों का कहना है टोल मशीनें धीमी हो जाती है। इस वजह से परेशानी होती है। इस वजह से सैकड़ों वाहन करीब दो घंटे तक फंसे रहे।
झांसी-कानपुर हाईवे स्थित आटा टोल के पास मंगलवार की रात करीब 10 बजे के आसपास झांसी की ओर से आने वाले वाहन जाम में फंसने लगे। धीरे-धीरे हालात बिगड़ते गए और रोडवेज बसों सहित छोटे-बड़े वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। कई चालक धैर्य जवाब देने पर गाड़ी से उतरकर स्थिति समझते और एक-दूसरे से जानकारी लेते नजर आए। जाम में फंसे चालक नवनीत सोनी और ट्रक चालक महेंद्र सिंह ने बताया कि टोल प्रबंधन को स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।
कई बार मशीनें धीमी हो जाती हैं, कुछ लेन बंद मिलती हैं, जिससे वाहनों की लाइन बढ़ जाती है। उनका कहना है कि अगर वैकल्पिक इंतजाम या अतिरिक्त लेन शुरू नहीं की गईं, तो जाम की समस्या यूं ही बनी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी इसे लगातार होने वाली समस्या बताया।करीब दो से ढाई घंटे बाद वाहनों का दबाव कम होने पर जाम धीरे-धीरे खुल पाया और यातायात सामान्य हो सका।
टोल प्रबंधन ने तकनीकी खराबी से किया इनकार
टोल मैनेजर अनिकेश श्रीवास्तव ने कहा कि जाम अचानक वाहनों की संख्या बढ़ जाने से लगा। कांटे या मशीन में किसी तरह की खराबी नहीं थी। टीम लगातार लेन को क्लियर करने में जुटी रही।