जालौन। थाना पुलिस ने शुक्रवार रात को कोंच रोड बर्फ फैक्टरी के पास से शातिर चोर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी के 18 मोबाइल व दो किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके खिलाफ पहले से दर्ज आपराधिक मामलों की की पैरवी के लिए मोबाइल चोरी व गांजा तस्करी शुरू कर दी।
जालौन कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे के करीब कोंच रोड स्थित बर्फ फैक्टरी के पास घेराबंदी कर मोहल्ला रावतान निवासी सुनील उर्फ कंजे यादव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से चोरी के 18 एंड्रायड मोबाइल व 2.05 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी के खिलाफ जालौन थाना में कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी ने बताया कि वह नगर व आसपास के क्षेत्र से मोबाइल चोरी करने के बाद राहगीरों को मजबूरी बताकर कम दामों पर बेच देता था। इससे मिलने वाले रुपयों से वह अपना खर्चा व आपराधिक मामलों में जेल जाने से बचने के लिए कोर्ट में पैरवी के लिए खर्चा करता है। मोबाइल न बिक पाने पर वह गांजा बेचकर खर्च चलाता था। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसको जेल भेज दिया गया है।