उरई। लूट डकैती की योजना बनाते पुलिस ने पांच शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए। पकड़े गए लुटेरों में असलहा, कारतूस के साथ सोशल मीडिया पर टिकटॉक वीडियो डालने वाला आरोपी भी शामिल है। एएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
एएसपी डा.अवधेश सिंह ने गुरुवार दोपहर पुलिस कार्यालय में खुलासा किया कि आटा थाना पुलिस ने बुधवार रात थाना क्षेत्र के संदी के पास ईदगाह की चहारदीवारी के पास लूट व डकैती की योजना बना रहे सत्येंद्र उर्फ सत्तू शूटर पुत्र रामकरण लोधी निवासी ददरी, कपिल पुत्र लक्ष्मी लोधी निवासी जौराखेरा आटा, संजू उर्फ संजीव पुत्र जय प्रकाश निवासी ददरी, पिंटू पुत्र मूलचंद्र लोधी निवासी ऐर थाना डकोर, अभिषेक उर्फ भूरा पुत्र मानसिंह निवासी ददरी आटा को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लुटेरों के पास से दो तमंचे 315 बोर, 8 कारतूस, एक देशी बंदूक 12 बोर, 7 कारतूस 12 बोर, एक सरिया बरामद की। लुटेरों ने पुलिस को बताया कि वह लूट की योजना बना रहे थे तभी पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए सत्येंद्र उर्फ सत्तू शूटर पर शहर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर सहित चार मामले दर्ज हैं। वहीं संजू उर्फ संजीव पर शहर कोतवाली में दो व कालपी में एक मामला दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आटा जितेंद्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, दामोदर सिंह, रामप्रकाश यादव, सिपाही रजनेश कुमार, अनिकेत पांडेय, विकास कुमार शर्मा, चालक पंकज शर्मा रहे। एएसपी ने टीम को इनाम में पांच हजार रुपये देने की घोषणा की।
टिकटॉक वीडियो बनाना पड़ा महंगा
एएसपी ने अवधेश सिंह ने बताया पकड़े गए शातिर लुटेरों में शामिल कपिल पुत्र लक्ष्मी लोधी ने दो दिन पूर्व खेत में अवैध असलहा व कारतूस दिखाते हुए टिकटॉक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो बनाने में सहयोग करने वाले युवकों की भी पुलिस तलाश कर रही है।