कस्बे के मोहल्ला प्रताप नगर में तीन वाहनों में अचानक आग लग गई। इनमें एक जीप, स्कूटर और बाइक शामिल हैं। हैरत की बात तो यह है कि बाइक और स्कूटर तो घर के भीतर बाउंड्री के पास खड़े थे। इलाकाई लोगों ने किसी तरह आग को काबू में किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि किसी शरारती तत्व की हरकत है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।
मंगलवार की रात कस्बे के मोहल्ला प्रताप नगर (बंगला) निवासी रामकिशोर पुरोहित पुत्र रामरूप पुरोहित की महिंद्रा जीप अहाते में बाउंड्री के भीतर खड़ी थी। घर में रामचरित मानस का अखंड पाठ भी चल रहा था। इसी बीच घर के लोगों ने आग की लपटे उठती देखी तो भाग कर बाहर निकल आए। देखा कि जीप धू धू कर जल रही है। आनन-फानन सबमर्सिबल चालू कर आग बुझाई। जीप का पिछला हिस्सा पूरी तरह जल गया था।
गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया नहीं तो बगल में खड़ी कार भी जल जाती। उसी दौरान जानकारी मिली कि समीप के ही रामकिशोर शुक्ला के किरायेदार मेरठ निवासी जाहिद पुत्र खुर्शीद की बाइक और कपड़ा बेचने का काम करने वाले तहसील पुत्र सलीम के स्कूटर में भी किसी ने आग लगा दी। बाइक तो पूरी तरह जल गई है, जबकि स्कूटर का भी आधे से अधिक हिस्सा जल गया। रात में ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की पड़ताल की है। जहां वाहन जलाए गये थे, वहां काफी मात्रा में जला मोबिलआयल बिखरा था। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने जानबूझ कर आग लगाई है। इलाकाई लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी मोहल्ले में दो गाड़ियों में आग लगा दी गई थी।