अज्ञात कारणों से लगी आग से तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। पीड़ित दुकानदारों को दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। नगर के लौना रोड पर शुक्रवार सुबह 6 बजे लौना निवासी महेश कुमार की कोल्ड ड्रिंक की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पास
में ही स्थित रामनारायण की सब्जी तथा जीतू की पान की दुकान को चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में तीनों दुकानें जलकर राख हो गईं। आग से तीनों दुकानदारों की लगभग दो लाख की क्षति का अनुमान है। उधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।