आटा बस स्टैंड में दुकानों में लगी आग।
- फोटो : ORAI
आटा (जालौन)। अज्ञात कारणों के चलते बस स्टैंड स्थित तीन दुकानों में शनिवार की देर रात अचानक आग लग गई। जिससे कस्बे में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी और आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड के न पहुंचने से तीन दुकानों में रखा लगभग पांच लाख का सामान जलकर राख हो गया। राजस्व विभाग की टीम ने दुकानों में हुए नुकसान का आकलन किया।
आटा बस स्टैंड स्थित रेलवे फाटक के बगल में विनोद कुमार सविता पुत्र रघुवीर सविता की जनरल स्टोर की दुकान में अज्ञात कारणों के चलते शनिवार रात साढ़े दस बजे आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में लगी आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और बगल में रखी कृष्णकांत की परचून की दुकान व अनिल अहिरवार की दुकान को चपेट में ले लिया। दुकानों में लगी भीषण आग को देखकर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना पुलिस व दमकल को देकर आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना के एक घंटे बाद पहुंची दमकल ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक विनोद की जनरल स्टोर की दुकान में रखा लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान जल गया। उधर कृष्णकांत की परचून की दुकान में नगदी सहित लगभग ढाई लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं अनिल अहिरवार की गुटका बीड़ी सिगरेट की दुकान में रखा 40 हजार का सामान जल गया। आग की सूचना पाकर रविवार की सुबह तहसीलदार कालपी शालिग्राम, कानूनगो काशी प्रसाद, लेखपाल संतोष कुमार ने मौके पर पहुंचकर अग्रिकांड में हुए नुकसान का आंकलन किया। पीड़ित दुकानदारों ने थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी हैं।