उरई (जालौन)। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में गिर गई। जिससे बाइक सवार तीन युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों युवकों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।
एट थाना क्षेत्र के अमीटा निवासी धीरज कुशवाहा (18) पुत्र अमान, चंचल कुशवाहा (14) पुत्र हरीश्चंद्र निवासी बरहा बरसेसी, विवेक (16) पुत्र प्रमोद कुशवाहा रविवार की दोपहर नहाने के लिए धुरट चौपरा बाइक से जा रहे थे। गांव के कुछ दूर निकलने के लिए बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में चली गई। जिससे गिरते समय धीरज कुशवाहा के ऊपर बाइक गिर पड़ी और चंदन और विवेक घायल हो गए।
राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को एट के पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने धीरज को मृत घोषित कर दिया और घायलों का उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मृतक के घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार वैसे ही यातायात नियमों का तीन सवारी बैठाकर उल्लंघन कर रहे थे वहीं बाइक सवार हेलमेट भी नहीं लगाए थे।