उरई। कोचिंग पढ़ने जा रहे एक छात्र को तीन छात्रों ने रोककर किसी बात पर लात-घूसों से पीटकर लहूलुहान हो गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने जब हमलावरों को ललकारा तो छात्र भाग गए। घायल छात्र को लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरारखेरा निवासी विमल पुत्र विक्रम सिंह सोमवार सुबह घर से स्टेशन रोड स्थित कोचिंग में पढ़ने जा रहा था। तभी झांसी रोड पर बाइक सवार तीन युवक आए और गालीगलौज करते हुए विमल को पीटने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाया और छात्र को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी और परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 20 नवंबर को भी उक्त लोगों ने शहर के भगतसिंह चौराहे पर विमल के साथ मारपीट कर जबरदस्ती गाड़ी में डालकर मोदी ग्राउंड कोंच रोड पर ले जाकर मारपीट की थी। पुलिस ने तहरीर पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल शिवगोपाल का कहना है मारपीट करने वाले युवकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।