जालौन। कोतवाली क्षेत्र के कुठौंदा बुजुर्ग गांव में एक युवक पर वृद्ध महिला का विश्वास जीतकर उसके बैंक खाते से करीब तीन लाख रुपये निकालने का आरोप लगा है। वृद्धा को इसकी जानकारी तब हुई, जब बीमारी के दौरान उसे रुपयों की जरूरत पड़ी। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
रामकुंवर देवी ने पुलिस को बताया कि उनका खाता इंडियन बैंक की स्थानीय शाखा में है। वह पशु बेचकर मिलने वाली रकम समय-समय पर खाते में जमा करती थीं। उम्र अधिक होने के कारण वह गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से बैंक आती-जाती थीं। इसी दौरान युवक ने उनका विश्वास जीत लिया और बैंक खाते से जमा-निकासी में मदद करने लगा।
पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2024 से मई 2026 के बीच युवक ने अलग-अलग तारीखों में खाते से करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। उन्हें इसकी जानकारी नहीं हुई। हाल में बीमार होने पर परिजन के साथ बैंक पहुंचीं तो खाते से रकम निकाले जाने का पता चला। युवक से रुपये के बारे में पूछने पर उसने कथित तौर पर धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।