उरई। बुधवार को जिले की तीन महिलाएं संक्रमित मिलीं। इनमें दो रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिले राजेंद्र नगर निवासी स्कूल में कंप्यूटर टीचर की पत्नी और बहन हैं। बहन कोंच के गांधी नगर में रहती हैं। हफ्ते भर पहले पूर्व जिला महिला अस्पताल में उसकी डिलेवरी हुई थी। लिहाजा अस्पताल की सभी सेवाएं अग्रिम आदेश तक रोक दी गई हैं।
इनके अलावा तीसरी संक्रमित प्रसूता महिला कालपी मिर्जा मंडी निवासी है। वह कानपुर में परेड स्थित फैज-ए-आम नर्सिंग होम में जांच को गई थी। वहां पर बुधवार को बच्ची के जन्म के बाद आई जांच रिपोर्ट में वह भी कोरोना संक्रमित मिली। तीनों महिलाओं के घर संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिले में अब तक 47 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, इनमें 41 सही हो चुके हैं। फिलहाल चार एक्टिव केस हैं और मरने वालों की संख्या दो है। कंप्यूटर टीचर के संक्रमित मिलने के बाद उनकी पत्नी और बहन के सैंपल लिए गए थे। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में दोनों कोरोना संक्रमित मिलीं। हफ्ते भर पहले पूर्व जिला महिला अस्पताल में उसके बच्चा हुआ था। फिलहाल इस अस्पताल की सभी सेवाएं अग्रिम आदेश तक रोक दी गई हैं।
इसी तरह कालपी के मोहल्ला मिर्जामंडी निवासी महिला प्रसव कराने दो दिन पूर्व कानपुर के परेड के पास स्थित फैज-ए-आम हॉस्पिटल गई थी। बुधवार को बच्ची के जन्म के साथ ही प्रसूता की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। खबर मिलते ही प्रशासन ने उरई, कोंच और कालपी में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजकर संक्रमितों के संपर्क के लोगों के सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं। साथ ही मोहल्लों को भी सैनिटाइज कराया जा रहा है। इलाके की कुछ गलियां भी सील कर दी गई हैं।
दूसरी ओर उरई के मोहल्ला गोपालगंज निवासी एक व्यापारी खांसी जुकाम के बाद बुखार आने पर जांच कराने पहुंचे। उनके सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया। बुधवार को 94 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। वहीं जालौन के व्यापारी की भी मंगलवार को कानपुर से लौटने के बाद मौत हो गई थी। उनकी रिपोर्ट का भी प्रशासन को इंतजार है।