उरई। शहर की मुख्य सड़कों में शुमार स्टेशन रोड फिर बदहाल हो गई है। साढ़े तीन लाख रुपये खर्च करके जिन गड्ढों को नवंबर 2024 में भरा गया था, वह सात महीने भी नहीं टिक पाए। पहली ही बारिश में पूरी सड़क तालाब बन गई। बड़े-बड़े गड्ढे आवागमन में लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।
26 नवंबर 2024 को स्टेशन से लेकर बेरीवाले बाबा की मजार तक लगभग 500 से 600 मीटर लंबी सड़क के गड्ढों को भरने का काम नगर पालिका ने करवाया था। करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च किए गए, जबकि उतने बजट में सड़क की लंबाई के अनुपात को लेकर पहले ही सवाल उठे थे। दिसंबर 2024 में अमर उजाला ने इस सड़क की दुर्दशा और निर्माण में मानकों की अनदेखी का खुलासा भी किया था। इसके बाद डीएम की फटकार के बाद फिर से गड्ढे भरवाए गए, लेकिन काम की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि 15 दिन में ही डामर उखड़ने लगी।
इस बार बारिश ने सड़क को पूरी तरह खत्म कर दिया है। स्टेशन से बेरीवाले बाबा की मजार तक का पूरा रास्ता अब पानी से लबालब है। सड़क के दोनों किनारों पर इतने बड़े गड्ढे हैं कि बरसाती पानी में वे दिखाई नहीं देते। इससे मोटरसाइकिल, स्कूटी और साइकिल सवार लगातार गिर रहे हैं। कई चारपहिया वाहन भी पानी में धंसकर खराब हो गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य बाजार को जोड़ने वाली यह सड़क बरसाती दिनों में पूरी तरह ठप हो जाती है। दुकानदार रमेश गुप्ता बताते हैं कि बारिश होते ही यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो हमें दुकानें जल्दी बंद करनी पड़ती हैं, क्योंकि बाहर पानी भर जाता है और लोग गिरने से डरते हैं।
स्टेशन रोड की बदहाल स्थिति की पूरी जानकारी है। यह सड़क मुख्य मार्ग है और बारिश के कारण इसकी हालत और बिगड़ गई है। जल्द ही किसी योजना के तहत काम कराकर इसे ठीक कराया जाएगा।
- गिरजा चौधरी, पालिका अध्यक्ष