उरई। बघौरा में छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। वारदात के समय गृहस्वामी परिवार सहित अस्पताल गए थे। गुरुवार शाम वह जब घर पहुंचे तो कमरों के टूटे ताले व बिखरा सामान देखा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी रामलखन सिंह चौहान ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसके पोते संदीप की पत्नी सुनैना को आठ जून को प्रसव पीड़ा हुई थी। इस पर वह परिजनों के साथ उसे लेकर झांसी के अस्पताल गए थे। घर पर ताला लगाया था। छत के रास्ते घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की चार चेन, सोने के चार हार, सोने की पांच अंगूठियां, सोने की आठ चूड़ियां, चार मंगलसूत्र, सोने की दो जोड़ी झुमकी, एक बिंदी, दो हाथ फूल, एक चांदी की करधनी और पांच जोड़ी बिछिया सहित 20 लाख के जेवरात व कुछ नकदी पार कर दी।
10 जून की शाम को जब वह घर पहुंचे तो कमरों के टूटे ताले व बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। कोतवाल अरुण राय का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।
हम तो बर्बाद हो गए, यह कहकर बबली हो गई बेहोश
झांसी से लौटकर गुरुवार की शाम जैसे ही बबली घर पहुंची तो बिखरा सामान व गायब जेवर नकदी देख उसने मुंह से निकला कि हम तो बर्बाद हो गए और वह बेहोश हो गई। उन्होंने बताया कि घर में उनके पूरे परिवार का जेवर रखा था। जिसे चोरों ने पार कर दिया। महिला का चोरी हो जाने से रो रोकर बुरा हाल है।