उरई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर व नकदी चोरी कर ली। सुबह बच्चों को पढ़ाने आए शिक्षक ने गेट खुला देखकर गृहस्वामी को जानकारी दी। इसके बाद वह घर पर आए तो अलमारी, कमरों के टूटे ताले गायब जेवर देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एट कस्बे के वार्ड नंबर 9, अटल नगर निवासी कार्तिक त्रिपाठी रविवार को अपने बीमार पिता को लेकर इलाज के लिए कानपुर गए थे। सोमवार रात चोरों ने उनके बंद घर में ताला तोड़कर कमरे में रखी अलमारी तोड़कर 45 हजार रुपये, एक हार, दो छोटे हार, आठ चूड़ियां, तीन जोड़ी झुमके, पांच अंगूठियां, एक चेन, मंगलसूत्र, बिछिया, पायल आदि सामान चोरी कर लिया।
सुबह बच्चों को पढ़ाने पहुंचे टीचर ने दरवाजा खुला होने की जानकारी पड़ोसियों को दी तो चोरी हो जाने का पता चला। फोन से इसकी जानकारी कार्तिक को दी गई। कार्तिक की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी चुरा ले गए। थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि शिकायत आई है। जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।