उरई कोतवाली में बच्ची व उसके परिजनों के साथ मौजूद एसपी सतीश कुमार व पुलिस फोर्स
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। क्षेत्र के करमेर रोड स्थित एक गेस्ट से शादी समारोह के दौरान बुधवार देर रात दो वर्ष की बच्ची लापता होने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ व कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गेस्ट हाउस के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, जिसमें हलवाई बच्ची को ले जाता दिखाई दिया। खुद को फंसता देख हलवाई गुरुवार सुबह बच्ची को गेस्ट हाउस के बाहर छोड़ गया। पुलिस ने आरोपी हलवाई को गिरफ्तार कर लिया है।
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम चमारी निवासी दीपक अहिरवार बुधवार की शाम 8 बजे अपने चचेरी बहन की शादी में शामिल होने शहर के करमेर रोड स्थित शिवानी गार्डन में आया था। इसी दौरान उसकी दो वर्ष की बच्ची गेस्ट हाउस से लापता हो गई। इस पर उसने परिजनों के साथ बच्ची की खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं भी पता नहीं चला। इस पर वहां मौजूद लोगों ने बच्ची के अपहरण की आशंका जताते हुए, मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर एसपी डा.सतीश कुमार, एएसपी अवधेश सिंह, सीओ संतोष कुमार, कोतवाल शिवगोपाल भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बच्ची की आसपास तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जिसमें गेस्ट हाउस का हलवाई बच्ची को लेकर बाहर जाते हुए फुटेज में दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी शुरु कर हलवाई की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता देख आरोपी प्रेम किशोर निवासी राजेंद्र नगर बच्ची को गेस्ट हाउस के बाहर सुबह 7 बजे छोड़कर भाग गया। वहां से निकल रहे रिक्शे वाले ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को परिवार वालों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने प्रेम किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस हिरासत में आरोपी प्रेम किशोर- फोटो : ORAI