कोंच। घने कोहरे के कारण नहर 33/11 केवीए बिजली पावर हाउस की लाइन के खंभों पर लगे इंसुलेटर एक के बाद एक धड़ाम हो गए। इससे करीब दस घंटे तक आधे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल रहने से आमजन को परेशानी हुई। इंसुलेटर बदले जाने के बाद दोपहर करीब 3 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
कैलिया बाईपास स्थित 132 केवीए बिजली पावर हाउस से नहर कोंच प्रथम 33/11 केवीए पावर हाउस के बीच खंभों पर लगे इंसुलेटर बृहस्पतिवार की तड़के कोहरे के कारण फेल हो गए। इससे नहर पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों की सप्लाई ठप पड़ गई। सुबह होते ही जेई अमन पांडे के नेतृत्व में बिजली कर्मचारियों ने लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। जांच में 132 बिजली घर से पंचानन चौराहे के बीच खंभों पर लगे सात इंसुलेटरों के ब्लास्ट होने की पुष्टि हुई। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी क्षतिग्रस्त इंसुलेटर बदल दिए। इसके बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।
जेई अमन पांडेय ने बताया कि कोहरे के कारण इंसुलेटरों में ब्लास्ट हुआ था। सभी खराब इंसुलेटरों को बदल कर नए लगा दिए गए हैं और फिलहाल सप्लाई सामान्य है।