उरई। कानपुर देहात के सुजगांव निवासी समरजीत का ट्रैक्टर भोगनीपुर क्षेत्र के एक भट्ठे से ईंटें लादकर गुरुवार सुबह लगभग सात बजे जोहलूपुर-मदारीपुर रोड के लिए रवाना हुआ।
चुर्खी थाना क्षेत्र के टड़वा और डड़वा गांव के सामने सड़क निर्माण के दौरान पड़े कट के कारण अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ओवरलोड ट्रैक्टर खंदक में पलट गया। हादसे के दौरान चालक दूसरी ओर उछलकर गिरा। उसे मामूली चोटें आईं और वह बच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद चालक रणधीर सिंह मौके से भाग गया। लोगों का कहना है कि भोगनीपुर क्षेत्र से प्रतिदिन ट्रैक्टर तीन से चार हजार ईंटें लादकर कालपी, उरई, कोंच आदि स्थानों पर जाते हैं। ओवरलोड होने की वजह से अक्सर हादसे हो जाते हैं। चुर्खी थाना अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि चालक मौके से भाग गया था। तहरीर मिलेगी, तो कार्रवाई की जाएगी।