उरई। नए साल की अगवानी के लिए शाम से ही होटल, ढाबे व रेस्टोरेंट तैयार हो गए थे। हालांकि सड़कों पर पुलिस की सख्ती रही लेकिन फिर भी होटलों, रिसोर्ट के हाल में मस्ती का धमाल रहा। वहीं गली मोहल्लों में भी लोगों ने नए साल भक्ति गीतों पर खूब तालियां बजाई और पूरे साल अच्छे कार्य करने का संकल्प लिया। बाजारों में भी कड़ाके की ठंड के बाद भी शाम से नए साल के उत्साह में भीड़ नजर आई। केक, मिठाई, गुब्बारे खूब खरीदे गए।
हर साल की तरह इस साल भी नए साल के स्वागत के लिए शाम से ही होटलों, रिसोर्ट में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। डीजे की धुन पर महिलाओं, बच्चों ने खूब डांस किया। परिवार के लोगों ने एक साथ डांस किया और रात के बारह बजते ही नए साल का बांहें फैलाकर स्वागत किया। राठ रोड स्थित विजय विक्रम रिसोर्ट, कालपी रोड स्थित जायसवाल टावर सभी जगह नए साल का उल्लास देखते ही बन रहा था। वहीं कालपी, आटा, कदौरा और एट हाईवे स्थित ढाबों पर भी बाइक व कार सवार युवक मस्ती करते नजर आए। ढाबों को गुब्बारों से सजाया गया था।
इसी तरह पटेल नगर में नर्सिंगहोम के पास मोहल्ले के लोगों ने शिव शक्ति बालाजी कल्याण समिति के बैनर तले भजन कीर्तन का आयोजन किया। यहां पर भी देर रात तक माता की चौकी के आयोजन में भक्तों ने एक के बाद एक भक्ति गीत गाकर भीड़ को झूमने पर विवश किया। रात के जैसे ही बारह बजे सभी जगहों पर हैप्पी न्यू ईयर गूंज उठा। लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को साल 2020 के आगमन की बधाई दी। इसके बाद लोगों ने लजीज व्यजंनों का भी लुत्फ उठाया। देर रात तक पुलिस भी सड़कों, चौराहों और बाजारों में गश्त करती नजर आई।
जमकर बिके फूल और केक
नए साल के स्वागत के लिए लोगों ने अपने घरों व मंदिरों को भी खूब सजाया था। कहीं रंग बिरंगी रोशनी थी तो कहीं सजावट का मुख्य हिस्सा फूल बन रहे थे। इस कारण पूरे दिन गुलदस्तों से लेकर खुले हुए फूलों की भी खूब बिक्री हुई। गुलदस्ते 200 से 2000 रुपये तक में बिके तो वहीं केक की दुकान की दुकानों पर भी आर्डरों की भरमार रही। घंटाघर के दुकानदार नरेश के मुताबिक 500 से लेकर 4000 रुपये तक के केक के आर्डर सबसे अधिक मिले।
रिसोर्ट में नए साल का स्वागत इस तरह करती महिलाएं- फोटो : ORAI
नए साल का जश्न मनाते युवा- फोटो : ORAI