कदौरा। डूडा की ओर से डलवाई जा रही सीसी रोड के निर्माण में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने काम बंद करा दिया। इसके बाद अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे चेयरमैन और नगर पंचायत ईओ (अधिशासी अधिकारी)ने निर्माण सामग्री का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। इसके बाद भीड़ का गुस्सा शांत हुआ।
मोहल्ला पुरवा कुरयाता में डूडा से सीसी रोड और बारातशाला का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इलाकाई लोगों का आरोप है कि निर्माण सामग्री में धांधली की जा रही है। सीमेंट की जगह पर डस्ट व मिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे सीसी रोड ज्यादा दिन नहीं चलेगी। बेबी शाह, अब्दुल गनी, शमसुल निशा, शबाना, सोफिया, अफरोज, गुलाम, वहीद, अनीस, रमजान अली, आसिब, नूरजहां, इरशाद, इकबाल व जरीना खातून आदि ने निर्माण कार्य को बंद करा दिया। इसके बाद प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे चेयरमैन जमीर आलम व ईओ सुनील कुमार सिंह को लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य ठीक से नहीं कराया जा रहा है। नगर पंचायत ईओ व चेयरमैन ने बने मसाला व निर्माणाधीन सीसी रोड का सैंपल जांच के लिए भेजा है। चेयरमैन ने कालोनी के लोगों को भरोसा दिया कि निर्माण कार्य सही होगा। जिलाधिकारी से ठेकेदार की शिकायत की जाएगी। ईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सैंपल की रिपोर्ट गड़बड़ आई तो ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदार को बुलाया गया। वह सामने नहीं आया।