उरई। प्रयागराज महाकुंभ के समापन का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, यात्रियों का उत्साह भी बढ़ रहा है। शनिवार को रेलवे स्टेशन पर करीब आठ सौ यात्रियों का हुजूम कुंभ स्पेशल ट्रेन से जाने के लिए पहुंच गया। ट्रेन में भीड़ तो थी लेकिन गेट खुले होने से सुरक्षाबलों को मशक्कत नहीं करनी पड़ी। यात्री एक दूसरे को धक्का देकर ट्रेन में चढ़ने को उतावले रहे। अंदर घुसने को लेकर खूब शोर शराबा भी किया। इसके पूर्व एट स्टेशन से भी करीब सौ यात्री ट्रेन में सवार हुए। इससे ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। फिर भी यात्री ट्रेन में चढ़ने को लेकर आमादा थे।
यात्रियों की संख्या देखकर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ अर्चना सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। जीआरपी और आरपीएफ के जवान भी मुस्तैद हो गए। सुरक्षाबलों ने एनाउंस किया कि घबराए नहीं, जब तक सभी यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो जाएंगे, तब तक ट्रेन रवाना नहीं होगी। यदि इस ट्रेन में यात्री नहीं चढ़ पाएंगे तो पीछे वाली ट्रेन से भी जा सकते हैं लेकिन यात्री किसी भी हालत में इसी ट्रेन में सवार होेने को तैयार थे।
ट्रेन में सवार यात्रियों से अनुरोध किया गया कि वह गेट से हट जाए और सवारियों को अंदर जाने दें। कई यात्री गेट छोड़ने को तैयार नहीं थे। करीब 25 मिनट ट्रेन को रोका गया, सभी यात्रियों को ट्रेन में सवार कर दिया गया। कुछ यात्रियों ने भीड़ देखकर दूसरे ट्रेन से जाने की बाद कही लेकिन कुंभ स्पेशल ट्रेन में करीब सात सौ यात्री रवाना हुए। मुख्य बुकिंग पार्सल सुपरवाइजर हरीमोहन शर्मा ने बताया कि करीब ढाई सौ टिकट बिके। जो करीब 53 हजार के थे।
स्टेशन अधीक्षक एसके खरे ने बताया कि कुंभ स्पेशल ट्रेन 01803 उरई स्टेशन पर निर्धारित समय 1.50 बजे के स्थान पर तीन बजकर 15 मिनट पर उरई पहुंची। स्टेशन पर करीब आठ सौ यात्री मौजूद थे। ट्रेन के गेट खुले थे। कुछ यात्रियों को एसएलआर लगेज में भी सवार कराया गया। इसके अलावा ट्रेन को 25 मिनट अतिरिक्त रोककर गंतव्य की ओर रवाना किया गया। करीब दो दर्जन यात्रियों ने भीड़ देखकर ट्रेन में चढ़ने से इंकार कर दिया तो उन्हें पीछे से आ रही ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल नंबर 11123 से जाने को कहा गया। बाद में वह भी छपरा मेल से चले गए।
छपरा और इंटरसिटी रही रद
बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल नंबर 11123 रद रही। वहींं झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी भी शनिवार को रद रखा गया। इस इंटरसिटी ट्रेन को कुंभ स्पेशल बनाकर चलाया गया। इसके चलते लखनऊ की तरफ यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। जबकि सुबह की कुंभ स्पेशल से भी करीब चार सौ यात्री रवाना हुए।