जालौन। मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए महिला ने युवक को बुलाकर अपने चार-पांच साथियों के साथ मारपीट कर चाकू से हमलाकर घायल कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने वाद दायर किया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के सरसई गांव निवासी मनीष कुमार ने कोर्ट में वाद दायर कर बताया था कि आगरा के ताजगंज निवासी निवेदिता से उसकी पहचान थी। लगभग तीन वर्ष पहले निवेदिता ने कपड़ों का शोरूम खोलने के लिए उससे रुपये मांगे तो उसने 12 लाख रुपये दिए थे। समय बीतने के बाद जब उसने अपने रुपये मांगे तो उसने चेक दे दी, जो बाउंस हो गई। बात करने पर वह टालमटोल करने लगी। जब रुपये नहीं मिले तो उसने कोर्ट में वाद दायर कर दिया था, जो विचाराधीन है।
आरोप लगाते हुए बताया कि इसके बाद निवेदता ने 8 नवंबर को उसे जालौन कोतवाली क्षेत्र के भिटारा गांव में बातचीत करने के लिए बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो महिला ने पांच अज्ञात लोगों के साथ मिलकर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। जब उसने इन्कार किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमलाकर घायल कर दिया। इसकी शिकायत जब उसने पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर उसने जानलेवा हमला करने के लिए वाद दायर किया था। कोर्ट के आदेश पर जालौन कोतवाली पुुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। (संवाद)