खेतों में जलती पराली देखते तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा
- फोटो : ORAI
कोंच (जालौन)। ग्राम कुदरा खुर्द में आधा दर्जन खेतों में फिर पराली जलाने का मामला सामने आया है। हालांकि जिन खेतों में पराली जल रही थी, उन किसानों का कहना है कि बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर खेतों में गिरने से आग लगी है। मौके पर जांच के लिए पहुंचे तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा का कहना है कि किसानों ने पराली में आग लगाई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अभी कुछ दिन पहले ही इसी कुदरा खुर्द गांव में हल्का लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर आधा दर्जन किसानों के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराए जाने और फिर लेखपाल को निलंबित किए जाने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि रविवार की देर शाम अधिकारियों को फिर ऐसी सूचना मिली कि खेतों में पराली जलाई जा रही है। इस पर तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा राजस्व कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और देखा कि खेतों में पराली धधक रही है। मौके पर जांच करने पहुंचे तहसीलदार को प्रधान किशोरसिंह एवं ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का हाईटेंशन तार टूट कर खेतों में गिरा और पराली में आग लग गई। तहसीलदार ने बताया कि पराली में आग लगाई गई है। किसानों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई भी होगी। फिलहाल लेखपाल निलंबित है जिसके चलते राजस्व निरीक्षक को भेज कर जांच कराई जा रही है।