फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: एक ही रात में तीन घरों से करीब 30 लाख की चोरी

विज्ञापन
फोटो- 03 रेंढ़र थाना क्षेत्र के रुदावली में चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत : परिजन
विज्ञापन
माधौगढ़। रेंढ़र थाना क्षेत्र के ग्राम रुदावली में मंगलवार की रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घरों के दरवाजों की कुंडी और ताले काटकर अंदर दाखिल हुए। दो घरों से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटने के बाद चोरों ने तीसरे मकान को भी खंगाल डाला।
विज्ञापन


रुदावली निवासी राजकुमार कुशवाहा और रामबिहारी कुशवाहा दोनों भाई गुजरात में पानीपुरी बेचते हैं। वे परिवारों के साथ गुजरात में ही रहते हैं। गांव में उनकी वृद्ध मां राम ढकेली अकेली रहती हैं। मंगलवार की रात चोर छत के रास्ते रामबिहारी के घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। चोर यहां से सोने की तीन अंगूठियां, सोने की दो जंजीर, एक हार, सोने की चूड़ियां, चांदी का कमरबंद, एक जोड़ी चांदी की तोड़ियां और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए।

इसके बाद चोरों ने राजकुमार के घर को निशाना बनाया। यहां से सोने की झुमकी, माला और अंगूठी के अलावा चांदी की पायल, कमरबंद, सुतिया, चार चांदी के सिक्के और दो जोड़ी बिछिया चोरी कर लीं। चोरों ने घर में रह रहीं वृद्ध राम ढकेली के कमरे को भी नहीं छोड़ा। उनके कमरे से सोने का फूल और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
विज्ञापन


दो घरों में चोरी करने के बाद चोरों ने गांव के ही कल्लू उर्फ राजकुमार व्यास के मकान का ताला काट दिया। यहां से चार बोरी तिली और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। बुधवार सुबह घरों में सामान बिखरा देखकर वृद्ध राम ढकेली ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक साथ तीन घरों में चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर रेंढ़र थाना प्रभारी अभिनेन्द्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस चोरी की वारदातों की जांच में जुटी है। सीओ अंबुज यादव का कहना है कि चोरी की सूचना मिली है। जांच कर जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।

फोटो- 03 रेंढ़र थाना क्षेत्र के रुदावली में चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत : परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें