कदौरा। कदौरा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नौ लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि दो वांछितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियान के तहत अभिरवा, मुहारी, मदरालालपुर, कानाखेड़ा और चंदरसी गांव के अनुप कुमार, संदीप कुमार, शैलेंद्र, कालिका प्रसाद, श्याम बाबू, प्रशांत, प्रथम, दीपू और राकेश के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी को उपजिलाधिकारी न्यायालय कालपी के समक्ष पेश किया गया।
वहीं वांछित सजेहरा निवासी मलखान को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बागी हाईवे स्थित सजेहरा मोड़ से गिरफ्तार किया। इसके अलावा बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के परचवा गांव निवासी मानू सिंह को बबीना बस स्टैंड से पकड़ा गया।
थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।