उरई। किराये के मकान में रह रहे युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मकान मालिक जब कमरे में पहुंचा तो फंदे पर शव लटका देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पटेल नगर में इंदिरा स्टेडियम के पास विशाल वर्मा (22) किराये के मकान में रहता था। उसने शनिवार शाम फंदा लगाकर जान दे दी। मकान मालिक मान सिंह जब कमरे में पहुंचे तो उसका शव फंदे पर लटका देख मृतक के भाई को सूचना दी। भाई राधेश्याम ने बताया कि माता-पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं और वह उरई में रहता है। बताया कि नशे का लती होने से भाई विशाल आएदिन घर का सामान बेच देता था। इससे परेशान होकर माता-पिता ने उसे घर से निकाल दिया था। इसलिए वह किराये में कमरा लेकर रहता था। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल की जा रही है।