कदौरा में क्वारटीन सेंटर में श्रमिकों को शिफ्ट कराते एडीएम
- फोटो : ORAI
कालपी। कस्बे में क्वारंटीन कराए गए श्रमिक अब घर जाने के लिए परेशान हैं। शनिवार को कुछ श्रमिकों ने कालपी कालेज का गेट फांदकर भागने का प्रशासन किया और जब असफल हुए तो खाना पीना छोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। जिसको लेकर श्रमिकों की पुलिस से तीखी झड़प भी हुई। मामले की सूचना पाकर एडीएम व एएसपी पहुंचे और श्रमिकों को समझाकर शांत कराया। वहीं सेंटर कर्मचारियों ने श्रमिकों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया जबकि श्रमिकों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने की शिकायत की।
बता दें कि लॉकडाउन में कालपी की सीमा सील होने के बाद से नगर में प्रतिदिन सैकड़ों श्रमिकों का जत्था गैर प्रांतों से आ रहा है, इन श्रमिकों को टरननगंज स्थित कालपी कालेज में क्वारन्टीन किया जा रहा है। शनिवार को कालेज में क्वारंटाइन श्रमिकों की संख्या लगभग साढ़े पांच सौ से अधिक पहुंच गई। जिसमें से कुछ श्रमिक विरोध पर उतर आए और कुछ लोगों ने तो कालेज का गेट फांदकर भागने का प्रयास भी किया, जिस पर श्रमिकों की पुलिस से भी तीखी झड़प हुई। उसके बाद लगभग एक सैकड़ा से अधिक लोग विरोध प्रदर्शन करने लगे और उन्होंने खाना खाने से मना कर दिया और घर भेजने की मांग करने लगे। मामले की सूचना पर एडीएम प्रमिल कुमार सिह व एएसपी अवधेश सिह कालपी कालेज कालपी पहुंचे। जहां पर उन्होंने विरोध कर रहे श्रमिकों को समझाया, तब जाकर श्रमिक शांत हुए और खाना खाया।
वहीं क्वारंटाइन सेंटर के कर्मियों ने बताया कि क्वारंटीन किए गए लोग अभद्रता कर उत्पात मचाते हैं। वहीं श्रमिकों का आरोप कालेज में खाने पीने की व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं। मजदूरों की बढ़ती संख्या को लेकर आटा, कदौरा व उसरगांव के महाविद्यालयों में क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए अधिग्रहण कर लिया गया है। वहीं कालेज में बढ़ती श्रमिकों को संख्या देख प्रशासन ने एक सैकड़ा श्रमिकों को कदौरा के गफूर खा विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर में स्थानांतरित कराया गया।
150 श्रमिक पहुंचे, आठ को भेजा रेंडम जांच के लिए
कालपी। विभिन्न राज्यों से लगातार श्रमिकों का अपने घर जाने के लिए जिले की सीमा से गुजरना जारी है। शनिवार को भी कालपी सीमा पर लगभग 150 श्रमिकों को रोककर कालपी कालेज कालपी में क्वारंटीन किया गया। अब तक कालपी कालेज कालपी में लगभग 562 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है। वहीं क्वारंटीन सेंटर में आठ लोगंो को बुखार होने की शिकायत पर रेंडम जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एसडीएम ने बताया कि शनिवार को बुखार की शिकायत पर आठ श्रमिकों को रेंडम जांच के लिए भेजा गया है।
कालपी में विरोध प्रकट करते श्रमिक- फोटो : ORAI