महिला को छत से नीचे उतारकर ले जाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : स्रोत ग्रामीण
कुठौंद (जालौन)। दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज न होने पर महिला तहसील की छत पर चढ़ गई और कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। हंगामा देख पहुंचे कोतवाल ने आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा और तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपने पति से अलग रहकर माधौगढ़ तहसील में अधिवक्ताओं व वादकारियों को पानी पिलाने का काम करती है। बताया कि 24 जनवरी की शाम को मंदिर से तहसील आते समय ग्राम हुसेपुरा के पास एक व्यक्ति समेत चार लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की थी पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इस पर महिला सोमवार को तहसील की छत पर चढ़ गई और न्याय न मिलने पर वहां से कूदने की धमकी देने लगी। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी पप्पू सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए महिला को नीचे उतारा। कुठौंद पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर पप्पू यादव निवासी हुसेपुरा सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ शैलेंद्र वाजपेयी ने बताया कि महिला को तहसील भवन से उतारकर इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया था। शिकायती पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।