जालौन। घर के बाहर खेत में 55 वर्षीय विधवा के निर्वस्त्र मिले शव के मामले में गुरुवार को पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर महिला की हत्या करने की पुष्टि हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला खेतों में मटर तोड़ने का काम करती थी। बुधवार की सुबह जब महिला घर के बाहर नहीं निकली तो उसका भतीजा उसे देखने के लिए घर के अंदर गया। घर के आंगन और बिस्तर पर खून पड़ा था। महिला की साड़ी भी आंगन में पड़ी थी लेकिन महिला घर में नहीं थी।
तलाश की गई तो महिला का शव घर के सामने ही स्थित सरसों के खेत में निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार, एएसपी प्रदीप वर्मा, सीओ शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाल आनंद सिंह समेत फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी। मामले के खुलासे के लिए चार टीमें बनाई हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को भी उठाया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।