मुहम्मदाबाद। बिजली विभाग की ओर से सोमवार को डाकोर ब्लॉक के जैसारी खुर्द के पंचायत भवन में कैंप लगाकर बकाया बिल जमा करने की चेतावनी दी। इसके बावजूद गांववालों ने बिल जमा नहीं किया तो पूरे गांव की सप्लाई बंद कर दी गई। गांव में ढाई सौ कनेक्शन हैं।
इससे पहले लाइनमैन लक्ष्मण प्रसाद, मंगल सिंह, भागचंद राजपूत, किशन कुमार, सोनू, प्रतीक, रमेश ने घर-घर जाकर सभी को बिजली के बकाया बिल जमा करने के नोटिस दिए। बिल जमा करने के लिए कहा कि लेकिन ढाई सौ से अधिक कनेक्शन होने की किसी ने बकाया जमा नहीं किया। बिल जमा होने के इंतजार में बैठी बिजली निगम की टीम के पास जब कोई बिल जमा करने नहीं पहुंचा तो लाइनमैनों ने इसकी जानकारी एसडीओ को दी।
इसमें बताया कि इस गांव में ढाई सौ से अधिक कनेक्शन हैं और करीब आठ से 10 लाख रुपये बकाया है। ग्राम प्रधान दशरथ सिंह का भी करीब 27 हजार रुपये बकाया है। वह भी बिल देखकर चले गए। किसी ने बिल जमा नहीं किया। इसके बाद टीम ने गांव में रखे चार ट्रांसफार्मरों का कनेक्शन काटकर सप्लाई बंद कर दी।
एसडीओ रतनलाल का कहना है कि अगर कुछ बिल जमा हो जाते हैं तो कनेक्शन जोड़कर सप्लाई चालू कर दी जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है इस समय बोआई की सीजन चल रहा है। थोड़ा समय और मिलना चाहिए था। सर्दी के समय गांव में अंधेरा रहेगा जिससे कोई भी घटना हो सकती है।
22 उपभोक्ताओं ने कराया ओटीएस में पंजीकरण
पहाड़गांव। तहसील क्षेत्र के पहाड़गांव में सोमवार को एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत विशेष कैंप लगाया। इसमें 22 उपभोक्ताओं ने ओटीएस में पंजीकरण कराया जबकि 50 हजार का राजस्व जमा हुआ। संविदा कर्मी पवन कुमार ने उपभोक्ताओं को समझाया कि यह योजना बकाया बिलों के बोझ से राहत पाने का अच्छा अवसर है। जेई निशांत शर्मा, इरशाद अहमद, पवन आदि रहे। (संवाद)