उरई। उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय नेता डॉ. दिलीप सेठ एवं जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को डीएम से मिला। व्यापारियों ने डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें चार घंटे बाजारों को खोलने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से आग्रह किया कि हर वर्ग के व्यापारी को कम से कम चार घंटे प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति दी जाए, जिससे व्यापारी के परिवार एवं उससे जुड़े कर्मचारी के परिवार का भी भरण-पोषण हो सके। साथ ही सुझाव दिया कि बाजार खोलने में सम और विषम नंबर की पद्धति को भी अपनाया जा सकता है।
व्यापारियों ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप भी लगाया। डीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस दौरान राघवेंद्र, साजिद खान, रंजीत सिंह राजू सरदार, संजय लोहिया आदि मौजूद रहे।